
नई दिल्ली। IPL controversy: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करने का फैसला किया है। BCCI ने शाहरुख खान की आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटाने का निर्देश दिया है।
IPL controversy: इस फैसले के साथ ही बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजी को यह भी भरोसा दिया है कि यदि वह किसी अन्य खिलाड़ी को रिप्लेसमेंट के तौर पर लेना चाहती है, तो इसकी अनुमति दी जाएगी। यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया। उनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था, लेकिन नीलामी के दौरान केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच चली होड़ के बाद केकेआर ने उन्हें खरीद लिया। इसके तुरंत बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक मंचों पर इस फैसले को लेकर सवाल उठने लगे।
IPL controversy: दरअसल बांग्लादेश से आई खबरों ने भारत में चिंता बढ़ाई है। इन्हीं घटनाओं का हवाला देते हुए भाजपा और शिवसेना के कई नेताओं ने आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ी को मौका दिए जाने पर आपत्ति जताई थी। आलोचना का केंद्र सिर्फ केकेआर ही नहीं, बल्कि टीम के मालिक और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान भी बने रहे। लगातार बढ़ते दबाव और देशभर में चल रही राजनीतिक-सामाजिक चर्चाओं को देखते हुए बीसीसीआई ने इस मामले में हस्तक्षेप किया।
IPL controversy: सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि मौजूदा हालात को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि फ्रेंचाइजी यदि चाहे तो खिलाड़ी के विकल्प के तौर पर किसी और को टीम में शामिल कर सकती है। गौरतलब है कि आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में कुल सात बांग्लादेशी खिलाड़ी शामिल हुए थे। इनमें रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, तंजीम हसन साकिब, नाहिद राणा, रकीबुल हसन, मोहम्मद शोरिफुल इस्लाम और मुस्तफिजुर रहमान के नाम थे। इन सात में से सिर्फ मुस्तफिजुर रहमान को ही किसी फ्रेंचाइजी ने खरीदा था।










