सक्ती। Vedanta power plant blast : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित प्लांट में बॉयलर फटने से 9 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप झुलस गए।
Vedanta power plant blast : बॉयलर के फटने से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायल मजदूरों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।

हादसे पर सीएम साय ने जताया दुख
सक्ती के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट की दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरी संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिजनों के साथ अपनी संवेदनाएं जताईं। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेज करने, घायलों के बेहतर उपचार और घटना की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जांच के आदेश
हादसे के बाद श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। श्रम मंत्री ने बताया कि जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम मौके पर पहुंचकर तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं की बारीकी से पड़ताल करेगी। हादसे के समय प्लांट में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। ठेकेदार, सुपरवाइजर और प्रबंधन की भूमिका की भी समीक्षा होगी।










