
JSSC CGL : रांची। सीएम हेमंत सोरेन सरकार ने परीक्षा एजेंसी TDPL के जरिए कराई गई JSSC CGL सहित सभी परीक्षाओं और उनके नतीजों को रद्द कर दिया है। श्री सोरेन ने खुद इसका ऐलान किया। साथ ही साल 2014 से अब तक हुई सभी भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की CID जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस फैसले के बाद रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लंबे समय से धरना दे रहे छात्रों में खुशी का माहौल देखा गया।
JSSC CGL : प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के मामलों को लेकर राज्य भर के अभ्यर्थी पिछले 24 दिनों से राजधानी रांची की सड़कों पर डटे हुए थे। इससे पहले मंत्रियों की टीम के साथ छात्रों की बातचीत बेनतीजा रही थी। कैबिनेट सहयोगियों के साथ अहम बैठक के बाद युवाओं के हक में यह फैसला सुनाया गया। छात्रों के लगातार विरोध प्रदर्शन को देखते हुए विवादित एजेंसी से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं फौरन रोक दी गई हैं। सरकार के इस फैसले से परीक्षा पास कर नौकरी कर रहे करीब 2,000 कर्मचारियों की नौकरी खतरे में पड़ गई है।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जश्न
फैसले की सूचना मिलते ही जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे. हफ्तों से अनशन और धरने पर बैठे छात्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस जीत का स्वागत किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि यह उनकी अटूट एकजुटता और न्याय की मांग का ही नतीजा है।










