Witch-hunt harassment: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से अंधविश्वास और महिला प्रताड़ना का शर्मनाक मामला सामने आया है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर सोरीपारा गांव में 40 वर्षीय महिला पर ‘टोनही’ होने का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि जमीन विवाद के चलते पहले गाली-गलौज की गई, फिर महिला को निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधकर पीटा गया।
Witch-hunt harassment: पुलिस के मुताबिक, पीड़िता बजारो बाई शनिवार सुबह अपने घर की बाड़ी में उड़द तोड़ रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली धनमतिया वहां पहुंची और महिला पर टोनही होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगी। कुछ देर बाद उसकी बहू और दो अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि चारों ने मिलकर महिला से मारपीट की और उसे निर्वस्त्र कर पेड़ से बांध दिया।
महिला के शरीर पर कई चोटें
आरोपियों ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में उसके सिर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना के दौरान ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और महिला को बंधन से मुक्त कराया।
पीड़िता के पति की शिकायत पर रामानुजनगर पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं समेत टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने घटना में शामिल चारों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 19 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

