CG Crime : मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सरपंच चुनाव में गड़बड़ी को लेकर रंजिश में सरपंच प्रत्याशी के मतगणना अभिकर्ता की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफतार कर लिया है। वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में हार के बाद मतगणना में गड़बड़ी का संदेह करने वाले मुख्य आरोपी धनीराम साहू ने कथित तौर पर तुलसी साहू के अपहरण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये में सुपारी तय की थी।
झाड़ियों में मिली लाश
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 की शाम तुलसी साहू घर से अपनी बहन के घर सरगांव जाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश शुरू की तो उसकी मोटरसाइकिल ग्राम पेण्ड्री ‘स’ स्थित जय भोलेनाथ राइस मिल के पास मिली। गणेश मिनरल्स के पास सड़क किनारे अपशिष्ट पानी से बने कीचड़ और झाड़ियों के बीच उसका शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम और जांच में गला घोंटकर हत्या करने तथा मृतक के दोनों पैरों को बिजली के तार से बांधने की बात सामने आई।
वोट निरस्त कराने का था शक
पुलिस जांच में सामने आया कि ग्राम पेण्ड्री ‘स’ निवासी धनीराम साहू वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में करीब 8-9 वोटों से हार गया था। गांव के झुलुराम वर्मा चुनाव जीतकर सरपंच बने थे और तुलसी साहू मतगणना अभिकर्ता था। धनीराम को संदेह था कि तुलसी ने मतगणना के दौरान कुछ वोट जानबूझकर निरस्त करवाए थे, जिसके कारण उसे हार का सामना करना पड़ा। इसी रंजिश के चलते धनीराम ने अपने साले भुवन साहू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
कार में उठाकर अपहरण
पुलिस के अनुसार, ओमनारायण राजपूत के माध्यम से कोटा निवासी सुरेंद्र जोशी से संपर्क किया गया और तुलसी के अपहरण के लिए 1.20 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसमें 70 हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे। 25 अक्टूबर की शाम सुरेंद्र जोशी अपने साथी कुणाल बक्शी और अन्य लोगों के साथ कार से ग्राम पेण्ड्री ‘स’ पहुंचा। तुलसी के घर से निकलने के बाद आरोपियों ने उसका पीछा किया और रास्ते में जबरन कार में उठा लिया।
तार से पांव बांधकर घोंट दिया गला
तुलसी को एक ट्यूबवेल के पंप हाउस में ले जाया गया, जहां धनीराम साहू और भुवन साहू ने कथित तौर पर उसे डराकर 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर चुनाव में गड़बड़ी स्वीकार करने संबंधी शपथपत्र लिखवाया। इस दौरान मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाया गया। बाद में मृतक के पैरों को बिजली के तार से बांधकर गमछे से गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल से गणेश मिनरल्स के पास सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में छिपा दिया गया। आरोपियों ने मृतक के जूते, जैकेट, चार्जर और मोबाइल फोन को अलग-अलग स्थानों पर फेंककर या छिपाकर भाग निकले।
सभी आरोपी जेल दाखिल
पुलिस ने मामले में धनीराम साहू (40), भुवन साहू (28), ओम उर्फ ओमनारायण राजपूत (25), सुरेंद्र जोशी (25) और टीकाराम साहू (53) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को 30 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर बिजली के तार के टुकड़े, मृतक के जूते, जैकेट, मोबाइल चार्जर, मोबाइल फोन, स्टाम्प पेपर, शपथपत्र लिखने का वीडियो, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और कार जब्त की गई है। इसके अलावा कथित सुपारी की रकम में से शेष 10 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।

