Indian Politics : चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद इस्तीफा देने वाले तीन विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। बीजेपी मुख्यालय पहुंचकर तीनों नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और ‘बीजेपी जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
टिकट कटने की नाराज़गी
बीजेपी में शामिल होने वाले नेताओं में पूर्व आईपीएस अधिकारी और अमृतसर नॉर्थ के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं। आम आदमी पार्टी ने अपनी 40 उम्मीदवारों की पहली सूची में इन तीनों विधायकों को टिकट नहीं दिया था। इसके बाद तीनों ने पार्टी से अलग होने का फैसला किया।
कुंवर विजय प्रताप ने विधायकी भी छोड़ी
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफे के साथ विधानसभा सदस्यता से भी त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान को भेजा। इसके कुछ समय बाद वह बीजेपी मुख्यालय पहुंच गए। विजय प्रताप सिंह को आम आदमी पार्टी पहले ही निलंबित कर चुकी थी।
चेतन, हरमीत पहले से विवादों में
वहीं, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने रविवार को ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। दोनों नेताओं को लेकर पहले भी पार्टी के भीतर मतभेद और विवाद सामने आ चुके हैं। पठानमाजरा ने अपनी ही सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए थे। इसके अलावा उनके खिलाफ दर्ज एक आपराधिक मामले को लेकर भी वह चर्चा में रहे हैं। इस मामले में उन्हें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से नियमित जमानत मिल चुकी है।
कुछ और छोड़ सकते हैं पार्टी
इस राजनीतिक घटनाक्रम पर शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में आम आदमी पार्टी के और विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं। उनके मुताबिक, पार्टी की मौजूदा स्थिति इसके लिए जिम्मेदार है।
पंजाब की राजनीति में नई हलचल
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची में 37 सीटों पर पुराने विधायकों को दोबारा मौका दिया है, जबकि इन तीनों नेताओं का टिकट काट दिया गया था। टिकट वितरण के बाद हुए इस घटनाक्रम ने पंजाब की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।

