Amla Navam: बिलासपुर (fourthline) । आंवला नवमी का पर्व इस बार भी पूरे पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।छत्तीसगढ़ में आंवला नवमी (जिसे अक्षय नवमी भी कहते हैं) का पर्व बहुत श्रद्धा और पारंपरिक तरीके से मनाया जाता है। शहर के कंपनी गार्डन में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। यह पर्व आंवले के पेड़ की पूजा के साथ मनाया जाता है। सुबह सूर्यदेव देव को अर्घ्य दिया जाता है।
छत्तीसगढ़ में आंवला नवमी के दिन आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करने की विशेष परंपरा है। कंपनी गार्डन पहुंचीं श्रीमती रंजना पांडेय ने बताया कि मान्यता है कि इस दिन आंवले के पेड़ के नीचे खाना बनाने और खाने से स्वास्थ्य अच्छा रहता है और शरीर के रोगों का नाश होता है। परिवार के सभी सदस्य साथ मिलकर पेड़ की छांव में खीर, पूरी, सब्जी और मिष्ठान का भोग लगाकर भोजन करती हैं। बिलासपुर में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन चीला फरा बनाया जाता है जिसे लेकर गार्डन आते हैं ।
सरकंडा की अनुपमा ठाकुर ने बताया कि महिलाएं और परिवार के सदस्य आंवले के पेड़ के पास एकत्र होते हैं।पेड़ की जड़ में जल और दूध अर्पित किया जाता है। पेड़ पर हल्दी, कुमकुम, चंदन, अक्षत (चावल) और फूल चढ़ाए जाते हैं। पेड़ के तने या चारों ओर कच्चा धागा या कलावा (पीला/लाल धागा) लपेटा जाता है। इसके बाद घी का दीपक जलाकर आरती की जाती है और पेड़ की 7 या 11 बार परिक्रमा की जाती है।फिर पेड़ के नीचे भोजन (वन-भोज) होता है।
भगवान विष्णु और लक्ष्मी की पूजा
इस दिन भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की भी विधि-विधान से पूजा की जाती है। यदि आस-पास आंवले का पेड़ न हो, तो घर पर ही गमले में लगे आंवले के पौधे या भगवान विष्णु की प्रतिमा के सामने आंवला रखकर पूजा संपन्न की जाती है। आंवला नवमी के अवसर पर अन्न, वस्त्र, फल (आंवला) और अन्य जरूरी चीजों का दान करने का बहुत बड़ा महत्व माना गया है। इस दिन किए गए दान और पुण्य का फल अक्षय (कभी समाप्त न होने वाला) होता है।
सुबह से ही शहर के प्रमुख उद्यानों में महिलाओं की चहल पहल शुरू हो गई। कंपनी गार्डन, दीनदयाल गार्डन, नूतन कॉलोनी के गार्डन और कोनेर गार्डन सहित अन्य उद्यानों में महिलाएं सज धज कर पूजा की थाली लेकर पहुंचीं और एक साथ मिलकर आंवला वृक्ष की पूजा की। पूजन के दौरान महिलाओं ने आंवला के पेड़ के नीचे दीप जलाए, रोली, अक्षत, फूल और मिठाई अर्पित की। कई जगहों पर पेड़ की परिक्रमा कर सूत लपेटने और कथा सुनने की परंपरा भी निभाई गई।
मान्यता है कि आंवला नवमी के दिन आंवला वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है और इस दिन पूजा करने से सुख समृद्धि और परिवार में खुशहाली आती है। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने व्रत रखकर पूजा अर्चना की। पूजन के बाद सभी गार्डनों में पिकनिक का माहौल बन गया। महिलाएं अपने घरों से तरह तरह के व्यंजन बनाकर लाई थीं। एक दूसरे के साथ बैठकर भोजन किया गया और आपस में सुख दुख बांटे गए। कई गार्डनों में सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें आसपास की कॉलोनियों की महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
दिन भर नृत्य और गीत का भी आयोजन होता रहा। महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत गाए और सामूहिक नृत्य किया। ढोलक और मांदर की थाप पर गार्डन गूंजते रहे। बच्चों और बुजुर्गों ने भी इस आयोजन में हिस्सा लेकर पर्व की खुशी को दोगुना कर दिया। शाम तक गार्डनों में उत्सव का माहौल बना रहा और सभी ने एक दूसरे को आंवला नवमी की बधाई दी। देर शाम तक यह सिलसिला चलता रहा ।



