
रायपुर। Axiom-4 Mission : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने Axiom-4 अंतरिक्ष मिशन की ऐतिहासिक सफलता और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की धरती पर सुरक्षित वापसी पर हार्दिक बधाई दी है। मंगलवार 15 जुलाई 2025 को शुभांशु और उनके सहयोगी अंतरिक्ष यात्रियों ने कैलिफोर्निया तट पर प्रशांत महासागर में ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के जरिए सफल स्प्लैशडाउन किया। इस उपलब्धि को सीएम साय ने भारत के अंतरिक्ष विज्ञान और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
Axiom-4 Mission : मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, “ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पहुंचने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री के रूप में इतिहास रच दिया है। Axiom-4 मिशन की सफलता और उनकी सुरक्षित वापसी देश के लिए गर्व का क्षण है। यह उपलब्धि भारत के गगनयान मिशन और वैज्ञानिक प्रगति की दिशा में एक मजबूत कदम है।” उन्होंने आगे कहा, “शुभांशु की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ और देश के करोड़ों युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगी।”










