• जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने बैज को लिखी चिट्ठी
रायपुर। Chhattisgarh Congress : पीसीसी ने हाल ही में 307 ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी की। सूची जारी होने के बाद से अलग-अलग जगहों पर धीरे-धीरे विरोध के स्वर सुनाई देने लगे हैं। हालांकि यह कहा गया कि ज्यादातर ब्लॉक अध्यक्ष, विधायकों और पूर्व विधायकों की सलाह पर ही नियुक्त किये गए हैं। विरोध की इस कड़ी में सूरजपुर जिला अध्यक्ष शशि सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को चिट्ठी लिखकर सूरजपुर ब्लाक अध्यक्ष की नियुक्ति पर आपत्ति जताई है, और उन्हें बदलने की मांग की है।
Chhattisgarh Congress : इसी तरह महासमुंद सहित कुछ और जगहों पर भी ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी की खबर है। गौरतलब है कि ब्लॉक अध्यक्षों से पूर्व ही कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां की गई थी। कई नए नवेले कई जिला अध्यक्षों की शिकायत है कि उनसे सलाह मशविरा के बिना ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई। सूरजपुर जिला अध्यक्ष शशि सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को चिट्ठी लिखते हुए ब्लॉक अध्यक्ष मनोज डालमिया की नियुक्ति पर सवाल खड़े किए, और कहा कि सूरजपुर ब्लॉक का अध्यक्ष शहरी क्षेत्र से नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र से होना चाहिए क्योंकि ब्लॉक में 100 पंचायतें हैं और 95 फीसदी आबादी ग्रामीण है।
Chhattisgarh Congress : शशि सिंह ने कहा कि संतोष पावले को सूरजपुर ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया जाना चाहिए। इस मामले में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू का कहना है कि प्रदेश के 307 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर कहीं से कोई विरोध की बात सामने नहीं आई है। सूरजपुर जिलाध्यक्ष से फोन पर चर्चा जरूर हुई थी, लेकिन लिखित में कोई आपत्ति अभी तक नहीं आई है। बताया जा रहा है कि सूरजपुर के ब्लॉक अध्यक्ष मनोज डालमिया, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के करीबी माने जाते हैं। वहीं जिलाध्यक्ष शशि सिंह की पूर्व सीएम भूपेश बघेल की नजदीकी मानी जाती हैं। बहरहाल, नई नियुक्तियों को लेकर आगे और भी आपत्तियां आने की संभावना जताई जा रही है।










