रायपुर। Municipal elections: नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ उतरने वाले कार्यकर्ताओं को भाजपा और कांग्रेस ने पार्टी से बाहर कर दिया है। भाजपा में बगावत करने वाले करीब 250 कार्यकर्ताओं और कांग्रेस ने 21 कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर कर दिया है।
Municipal elections: भाजपा ने अब तक 250 कार्यकर्ताओं को छह साल के लिए निलंबित किया है, जबकि 300 से अधिक कार्यकर्ताओं पर भी निलंबन की कार्रवाई हो सकती है। कई जिलों में निलंबित कार्यकर्ताओं की सूची जारी कर दी गई है। राज्य में नगरीय निकाय चुनाव के तहत भाजपा ने सभी पदों पर अपने अधिकृत प्रत्याशी उतारे हैं। लेकिन टिकट न मिलने से असंतुष्ट कई कार्यकर्ता निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर आए, जिससे कई क्षेत्रों में भाजपा का चुनावी समीकरण प्रभावित हो रहा है। ऐसे में संगठन ने सख्त रुख अपनाते हुए बागी कार्यकर्ताओं निलंबित किया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, लगभग 600 कार्यकर्ताओं पर निलंबन की कार्रवाई तय है, जिसमें पहले चरण में 250 कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की गई है, जबकि इतने ही अन्य कार्यकर्ताओं पर भी गाज गिर सकती है।
Municipal elections: भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि निलंबन केवल निर्दलीय प्रत्याशी बनने वाले कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जो भी कार्यकर्ता पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाया जाएगा, उस पर भी सख्त कार्रवाई होगी। संगठन ने चुनावी माहौल में अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी जिलों में विशेष मॉनिटरिंग टीम नियुक्त की है।प्रदेशभर में बागी कार्यकर्ताओं की पहचान कर निलंबन की सूची जारी की जा रही है। दुर्ग जिले में 45, बालोद में 23, बलरामपुर में 9, जांजगीर-चांपा में 22, गरियाबंद में 26 और धमतरी में 12 कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दिया गया है। महासमुंद में 29, कांकेर में 14, रायपुर नगर निगम में 20 और राजनांदगांव के नगर निकायों में 40 कार्यकर्ताओं के खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया जारी है।
Municipal elections: कबीरधाम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने 19 बागी कार्यकर्ताओं को निष्कासित कर दिया है। वहीं, बिलासपुर में भाजपा ने हाल ही में 27 बागी प्रत्याशियों को छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया था।
कांग्रेस में भी अनुशासनहीनता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो चरणों में 21 कार्यकर्ताओं को निष्कासित किया है। प्रदेश कांग्रेस सचिव त्रिलोक और बिलासपुर के पार्टी के नेता श्रीवास को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।