रायपुर। नई दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए 28 में से 16 राज्यों की झांकियों का चयन कर लिया गया है। जिसमें छत्तीसगढ़ की झांकी बस्तर की आदिम जनसंसद-मुरिया दरबार को चयनित किया गया है। मुख्यमंत्री सीएम विष्णुदेव साय ने इस सफलता के लिए प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
छत्तीसगढ़ की झांकी भारत सरकार की थीम भारत लोकतंत्र की जननी पर आधारित है। यह झांकी आदिकाल से ही भारतीय समाज में लोकतंत्र की मौजूदगी को दर्शाती है। खास बात यह है कि, 600 साल से चली आ रही यह परंपरा आज भी प्रचलित है। इस झांकी में मुरिया दरबार और लिमऊ राजा को दर्शाया गया है। मुरिया दरबार बस्तर दशहरा पर्व की एक प्रमुख परंपरा है। इस परंपरा की शुरूआत कोंडागांव जिले के बड़े डोंगर के लिमऊ राजा से मिलता है। इस परंपरा से जुड़ी लोककथा की बात करें तो बताया जाता है कि आदिम समाज में जब कोई राजा नहीं था, तब समाज के लोग एक नींबू (लिमऊ) को राजा मानकर आपस में ही निर्णय कर लिया करते थे।

