• पेंशनर्स कल्याण मंडल के गठन सहित पाँच प्रमुख मांगों पर होगा विचार
Pensioners Federation रायपुर। पेंशनरों की लंबित समस्याओं के निराकरण और उनके हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने इस महीने की पन्द्रह तारीख को महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक दोपहर 12बजे नवा रायपुर (अटल नगर) स्थित इंद्रावती भवन में पेंशन एवं भविष्य निधि संचालनालय में होगी । इस संबंध में बी. जी. काले, संयुक्त संचालक, पेंशन एवं भविष्य निधि द्वारा पत्र जारी कर दिया गया है ।
Pensioners Federation : बैठक में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव सहित प्रदेश के विभिन्न पेंशनर संगठनों के प्रांताध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है। श्री नामदेव ने आज यहाँ बताया कि बैठक की अध्यक्षता एस .जयवर्धन संचालक, पेंशन एवं भविष्य निधि करेंगे।बैठक के निर्धारित एजेंडे में शामिल पाँच प्रमुख मांगों पर विचार विमर्श किया जाएगा। इनमें पेंशनर्स कल्याण मंडल का गठन, छत्तीसगढ़ पेंशनर्स कल्याण निधि नियम, 1997 में प्रभावी संशोधन और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार, संशोधित पेंशन भुगतान आदेश (पी.पी.ओ.) की ऑनलाइन उपलब्धता, लंबित पेंशन और परिवार पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण तथा पेंशनरों के लिए प्रभावी शिकायत निवारण और संवाद व्यवस्था विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
पेंशनरों के लिए महत्वपूर्ण पहल
पेंशनर्स महासंघ के प्रांताध्यक्ष श्री नामदेव ने इस बैठक को पेंशनरों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए आशा व्यक्त की है कि बैठक में उठने वाले विषयों पर ठोस निर्णय लिए जाएंगे और लंबित मामलों के निराकरण के लिए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। श्री नामदेव के अनुसार महासंघ का मानना है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन एवं अन्य स्वत्वों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए पेंशन संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और पेंशनर हितैषी बनाया जाना बहुत जरूरी है।

