• सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास कार्यों का लोकार्पण, जरूरतमंदों को सहायक सामग्री वितरित
Doctor at your doorstep : सूरजपुर। जिला चिकित्सालय परिसर में रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ‘डॉक्टर आपके द्वार’ एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया। इस सेवा के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों तक घर पर ही स्वास्थ्य परामर्श एवं प्राथमिक उपचार पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए कई घोषणाएं की गईं तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी हुआ।
स्वास्थ्य मंत्री ने की कई घोषणाएं
स्वास्थ्य मंत्री ने लटोरी में सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने, जिला चिकित्सालय में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने तथा भविष्य में 220 बिस्तरीय अस्पताल के लिए आवश्यक भवन एवं सेटअप उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद तक सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।

विकास कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड सूरजपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमलपुर तथा विकासखंड भैयाथान के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंद्रमेढ़ा में लगभग 75-75 लाख रुपये की लागत से हुए कार्यों का लोकार्पण किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने जिला चिकित्सालय की अटल आरोग्य लैब में उपलब्ध 136 प्रकार की निःशुल्क जांचों का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण में सूरजपुर जिले के प्रथम स्थान प्राप्त करने की भी सराहना की।
लोगों के द्वार तक पहुंचेंगी स्लवास्थ्य सुविधाएं
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। ‘डॉक्टर आपके द्वार’ सेवा से जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिलेगा। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा समय पर उपचार की महत्ता पर जोर दिया।
इस अवसर पर टीबी मरीजों को पोषण आहार किट, आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड, चश्मे और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। निक्षय मित्रों, नेचर क्लब तथा वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, शिशुओं का अन्नप्राशन और पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल, वाइस चेयरमैन ओंकार पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सिंह, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

