रायपुर। कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए आयोग का गठन किया जाएगा। विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से एक दिन पूर्व आज इसकी घोषणा की।
श्री साय ने कहा कि इस जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। सीएम इससे पहले मोदी गारंटी के तहत दो बड़ी घोषणाओं पर अमल लाने की बात कह चुके हैं। उन्होंने 18 लाख पीएम आवास की राशि जारी करने और 25 दिसम्बर को धान का बकाया बोनस देने की बात कही थी। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में भ्रष्टाचार विरोध जीरो टॉलरेंस का वादा किया है। भाजपा ने भ्रष्टाचार शिकायत निवारण व निगरानी रखने के वेबपोर्टल बनाने का भी एक वादा किया था। इससे आम जनता भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत सीधे सरकार से कर सकेगी। भाजपा ने इन सब की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में एक अलग सेल के गठन करने की भी बात कही है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर पीएससी परीक्षा , गोबर खरीदी, ट्रांसफर-पोस्टिंग ,सार्वजनिक वितरण प्रणाली के चावल, शराब और कोयला घोटाला जैसे आरोप हैं।

