•.विकास को मिलेगी नई दिशा
सूरजपुर। BJP training camp: मैनपाट में भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में सिर्फ संगठन का पाठ नहीं पढ़ाया गया, बल्कि सेवा, समर्पण और सुशासन की नई चेतना भी जागृत हुई। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि यह प्रशिक्षण ऐसा अनुभव रहा जिसने विचारों को और स्पष्ट किया, संगठन को और मजबूत किया और जनसेवा के प्रति हमारे संकल्प को और भी दृढ़ बनाया । इस प्रशिक्षण से हमें क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा और मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली है।
BJP training camp: संगठन की शक्ति और सेवा के संकल्प से संजीवनी पाकर लौटे प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग ने न केवल कार्यकर्ताओं को सांगठनिक दृष्टि से समृद्ध किया, बल्कि पार्टी की विचारधारा, नीतियों और सुशासन की परिकल्पना को धरातल पर उतारने की प्रेरणा भी दी। वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन और अनुशासित वातावरण ने इसे एक प्रेरक और ऐतिहासिक आयोजन बना दिया। विधायक श्री मरावी ने बताया कि यह वर्ग केवल जानकारी देने वाला नहीं, बल्कि संगठन और सरकार के बीच समन्वय से कैसे क्षेत्रीय विकास को नई दिशा दी जाए, उसका स्पष्ट रोडमैप देने वाला रहा। तीन दिन तक संगठन के साथ जीना और सीखना, एक नया अनुभव रहा जिसने नई ऊर्जा दी है।
BJP training camp: उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान,राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,प्रांत संघ चालक अभय राम और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित कई वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इन सभी ने विभिन्न सत्रों में भाजपा की कार्य संस्कृति, सेवा व सुशासन की अवधारणा, जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच और विकसित भारत के सपने पर चर्चा की।
BJP training camp: विधायक श्री मरावी ने कहा कि हम सब इस प्रशिक्षण से यह संकल्प लेकर लौटे हैं कि केंद्र व राज्य सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे। हम मोदी जी के 2047 तक विकसित भारत की कल्पना को साकार करने में अपनी भूमिका पूरी निष्ठा से निभाएंगे।उन्होंने यह भी कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग एक परिवार की भावना का सजीव उदाहरण था, जहां सांसद, विधायक, पदाधिकारी और जमीनी कार्यकर्ता तीन दिन तक एक ही छत के नीचे रहकर भाजपा की रीति-नीति की बारीकियों को आत्मसात करते रहे। उन्होंने विश्वास के साथ कहा कि यह हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है कि प्रेमनगर विधानसभा में शासन और संगठन के समन्वय से विकास को तेज़ गति देंगे।प्रशिक्षण सत्रों में भाजपा की विचारधारा, बूथ स्तरीय मजबूती, मीडिया संवाद, जनसंपर्क, चुनाव की रणनीति, और सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।

