रायपुर। CG news : प्रदेश के आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में आवास एवं पर्यावरण विभाग ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। किफायती आवास, बेहतर शहरी सुविधाओं, रोजगार सृजन और पर्यावरण अनुकूल विकास को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने राज्य के भविष्य के लिए मजबूत नींव रखी है।
CG news : मंत्री चौधरी छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने विभाग की दो साल की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। मंत्री ने कहा कि इन दो वर्षों में नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है और शहरी विकास को पारदर्शी, टिकाऊ और नागरिक-केंद्रित बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने वित्तीय अनुशासन, डिजिटल सुधार और मांग आधारित विकास मॉडल को अपनाकर कई जटिल समस्याओं का समाधान किया है।
CG news : ओपी चौधरी ने बताया कि दो साल पहले छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रहा था। मंडल पर 735 करोड़ रुपए का कर्ज था और 3,200 से अधिक आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियां लंबे समय से अविक्रीत पड़ी थीं। राज्य सरकार ने मंडल को ऋणमुक्त करने के लिए यह राशि उपलब्ध कराई, जिससे आज हाउसिंग बोर्ड पूरी तरह ऋणमुक्त हो चुका है।
CG news : बिना बिकी हुई़ संपत्तियों के निपटारे के लिए सरकार ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस-2) लागू की, जिसके तहत 30 प्रतिशत तक की छूट दी गई। इस योजना को उल्लेखनीय सफलता मिली और महज 9 महीनों में 1,251 संपत्तियों का विक्रय हुआ। इससे 190 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ, जिसे आगामी परियोजनाओं में निवेश किया जाएगा।










