कोरबा। CG News : जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। कुदमुरा उपार्जन केंद्र में अचानक घुसे एक जंगली हाथी ने मंडी प्रभारी राजेश कुमार पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जब राजेश कुमार अपनी पत्नी के साथ केंद्र परिसर में बनी अस्थायी झोपड़ी में सो रहे थे।
CG News : बताया जा रहा है कि उपार्जन केंद्र में लगातार धान चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिसके चलते मंडी प्रभारी राजेश कुमार खुद ही पत्नी के साथ वहीं रहकर धान की सुरक्षा कर रहे थे। इसी दौरान देर रात एक हाथी परिसर में घुस आया और झोपड़ी को तहस-नहस करते हुए अंदर सो रहे राजेश कुमार पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
CG News : वहीं हमले के दौरान राजेश कुमार की पत्नी किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकली और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मृतक राजेश कुमार रजगामार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
CG News : घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इलाके में हाथी की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।










