नई दिल्ली। Trump Tariff : अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से लगाए गए एक्स्ट्रा टैरिफ पर भारत ने पलटवार किया है। विदेश मंत्रालय ने साफ साफ कहा कि भारत अपने हितों की सुरक्षा करेगा और हर जरूरी कदम उठाएगा। विदेश मंत्रालय ने कहा, अमेरिका का फैसला पूरी तरह अनुचित, अन्यायपूर्ण और तर्कहीन है।
Trump Tariff : भारत ने अमेरिका के इस कदम को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और कहा कि दुनिया के कई अन्य देश भी अपने हित में ऐसे ही कदम उठा रहे हैं, लेकिन सिर्फ भारत को टारगेट किया जा रहा है। भारत अपने हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। देश के लिए जो सही होगा वही करेंगे।
Tariff War: हाल के दिनों में अमेरिका ने रूस से भारत के तेल आयात को निशाना बनाया है। एक्स्ट्रा टैरिफ लगाते समय भी ट्रंप ने यही बातें कही हैं। आदेश में लिखा है कि अमेरिका के कहने के बावजूद भारत ने रूस से तेल का इंपोर्ट बंद नहीं किया। इसलिए हमें टैरिफ लगाने पर मजबूर होना पड़ा। यह हमारी सुरक्षा से जुड़ा मामला भी है।
Trump Tariff : भारत ने पहले ही ट्रंप की धमकियों को अनुचित और असंगत करार दिया था और कहा था कि अमेरिका और यूरोपीय संघ भारत को रूस के साथ उसके व्यापारिक संबंधों के लिए अनुचित तरीके से निशाना बना रहे हैं। विदेश मंत्रालय के पहले दिए गए बयान में कहा गया था, भारत का ऊर्जा आयात पूरी तरह वैश्विक बाजार की स्थिति और घरेलू उपभोक्ताओं को सस्ती और विश्वसनीय ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर आधारित है। यह एक राष्ट्रीय आवश्यकता है, न कि किसी राजनीतिक रुख का परिणाम। जो देश भारत की आलोचना कर रहे हैं, वे स्वयं भी रूस से व्यापार कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवश्यकता हमारे जैसी जरूरी नहीं है।
Trump Tariff : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत से आयात होने वाले सामानों पर कुल 50% टैरिफ (import duty) लगाने वाले एक्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन कर दिया । ये फैसला भारत के रूस से लगातार तेल खरीदने के चलते लिया गया है। अब भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले उत्पादों पर अतिरिक्त 25% आयात शुल्क लगाया जाएगा। ये शुल्क पहले से मौजूद 25% ड्यूटी के अलावा होगा। नई टैरिफ व्यवस्था 21 दिन बाद लागू होगी।
Trump Tariff: ये टैरिफ सभी आयातित भारतीय वस्तुओं पर लागू होगा, सिवाय उन वस्तुओं के जो पहले से सेक्टर-वाइज टैरिफ से कवर हैं – जैसे स्टील, एल्युमिनियम और दवाइयां। इसके अलावा ट्रंप के आदेश में दो महत्वपूर्ण छूट भी दी गई हैं। जो सामान 12:01 am EDT से पहले जहाज में लोड होकर अमेरिका की ओर रवाना हो चुका है, उस पर नया टैरिफ लागू नहीं होगा। और, जो सामान 17 सितंबर 2025 की सुबह 12:01 से पहले अमेरिकी बाजार में खपत के लिए उतार दिया गया है, उसे भी टैरिफ से छूट मिलेगी।
Trump Tariff : ट्रंप ने अपने आदेश में कहा, मुझे वरिष्ठ अधिकारियों से नई जानकारियां मिली हैं, जिनमें रूस के यूक्रेन युद्ध में भूमिका शामिल है। इसके आधार पर मैंने पाया है कि रूस की नीतियां अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के लिए असामान्य और गंभीर खतरा बनी हुई हैं। ट्रंप पहले भी कह चुके हैं कि भारत जैसे देश अगर रूस से सस्ता तेल खरीदते हैं, तो इससे अमेरिका की रणनीति कमजोर होती है।










