रायपुर। NHM employee strike : सरकार के सख्त रूख के बीच कुछ मांगे मान लेने के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के हड़ताली कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। उनकी कुछ मांगे सरकार ने मंजूर कर ली हैं और कुछ मांगों पर आगे विचार करे का आश्वासन सरकार से मिला है।
NHM employee strike : सरकार ने जो मांगे मंजूर की हैं उन अहम मांगों में 27 फीसदी वेतन वृद्धि है, जिसमें 5 फीसदी वेतन वृद्धि को सहमति मिल गई है। 22 फीसदी पहले ही बढ़ा दी गई थी, जिसमें अब 5 फीसदी बढ़ाकर 27 फीसदी कर दी गई। जुलाई 2023 से यह वेतन वृद्धि लागू होगी। इसके अलावा 30 दिनों के वैतनिक अवकाश की मांग पूरी हो गई है। वार्षिक कार्य मूल्यांकन यानी CR सिस्टम में पारदर्शिता, कैशलेस चिकित्सा बीमा 5 लाख रुपए तक की मांग भी मानी गई है।
NHM employee strike : हड़ताल स्थगित करने के बाद एनएचएम संघ के पदाधिकारी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मिले। फिर स्वास्थ्य मंत्री अपने साथ पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री निवास ले गए। वहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर मांगे पूरी होने पर संघ के पदाधिकारियों ने आभार जताया।सरकार ने 4 मांगे मान ली हैं। वहीं तीन मांगों के लिए कमेटी बनाई गई है। इसके अलावा नियमितीकरण सहित तीन अहम मांगों पर फैसला सरकार करेगी।
सरकार प्रत्येक कर्मचारी को परिवार का हिस्सा मानती है : सीएम
NHM employee strike : हड़ताल खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, ‘एनएचएम कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त करने का निर्णय सराहनीय और स्वागतयोग्य है। हमारी सरकार प्रत्येक कर्मचारी को परिवार का हिस्सा मानती है और उनकी जायज़ मांगों के प्रति सदैव संवेदनशील रही है।’ मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, ‘जनता का स्वास्थ्य हमारे लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मुझे विश्वास है कि सरकार और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से प्रदेश की जनता को सुलभ एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होंगी तथा हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को और बेहतर, स्वस्थ व उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करेंगे।’

