
धमतरी। Road Accident: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। ग्राम खपरी बाईपास के पास 201 कोबरा बटालियन के जवानों की कार की ट्रक से भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में बटालियन के 4 जवानों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।
Road Accident: 201 कोबरा बटालियन के जवान जगदलपुर से एक डिज़ायर कार में सवार होकर आ रहे थे। खपरी बाईपास के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रक से भिड़ गई। भिड़ंत इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और जवान अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से कार को काटकर जवानों को बाहर निकाला गया।
Road Accident: हादसे में दो जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, वहीं दो अन्य जवानों की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई। एक अन्य घायल जवान को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने सभी दिवंगत जवानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।










