• सक्ती में युवती की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले का खुलासा
CG Crime : सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 26 जून को हुई महिला की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज चार दिनों में सुलझाते हुए पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या प्रेम संबंध और शादी के दबाव से छुटकारा पाने के लिए रची गई एक सुनियोजित सुपारी किलिंग थी। मामले में झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
CG Crime : पुलिस के अनुसार, ग्राम जोंगरा निवासी पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की 26 जून को घर के पास दो नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।
CG Crime : जांच में खुलासा हुआ कि मृतका का मुरलीशंकर चौहान के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस के मुताबिक, मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा चौहान के बीच इस रिश्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बाद में मुरलीशंकर ने पूर्णिमा से दूरी बना ली, लेकिन वह कथित रूप से शादी का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर पति-पत्नी ने महिला की हत्या की साजिश रची।
CG Crime : पुलिस के अनुसार, दोनों ने राजेन्द्र महंत के माध्यम से चार लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की योजना बनाई। सुपारी की आधी रकम पहले ही दे दी गई थी। तय योजना के तहत 26 जून को गौरीशंकर सिदार ने महिला पर पिस्तौल से फायर किया, जबकि सुनील महंत उसके साथ मौजूद था। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सुमित गबेल ने उपलब्ध कराई थी। घटना के बाद अन्य आरोपियों ने शूटरों को दूसरे राज्यों में फरार होने में मदद की। पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर मुख्य साजिशकर्ता और शूटरों को झारखंड के जमशेदपुर, महाराष्ट्र के पुणे तथा छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया।
CG Crime : इन आरोपियों में चम्पा चौहान, मुरलीशंकर चौहान, राजेन्द्र महंत, गौरीशंकर सिदार, सुनील महंत, राकेश महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, सुमित गबेल और चंद्रशेखर महंत शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और सुपारी की बची हुई नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।









