School Girl rape case : बिलासपुर। सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर स्कूल की नाबालिग छात्रा के चाकू की नोक पर अपहरण और दुष्कर्म के मामले में जिला श्रीवास-सेन समाज ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी शिक्षक को फांसी, स्कूल बंद करने और प्रबंधन के जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
School Girl rape case : गौरतलब है कि यह मामला 11 जून को सामने आया था। घटना के बाद बजरंग दल ने भी स्कूल का घेराव कर प्रदर्शन किया था। नाबालिग छात्रा के अपहरण और दैहिक शोषण की घटना से पूरे शहर में आक्रोश है। श्रीवास-सेन समाज के लोग कुदुदंड स्थित मां तुलजा भवानी मंदिर के सामने एकजुट हुए। सर्वसमाज ने भी इस आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर समर्थन दिया। सभा के बाद बड़ी संख्या में युवक-युवतियां और समाज के वरिष्ठजन नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतरे और कलेक्ट्रेट पहुंचे।
राष्ट्रपति-राज्यपाल से मांग
समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई:
1. पूरी घटना की निष्पक्ष जांच हो
2. दुष्कर्म के आरोपी शिक्षक को फांसी की सजा दी जाए
3. स्कूल का संचालन बंद कराया जाए
4. स्कूल प्रबंधन के जिम्मेदार अफसरों और शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई हो
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि “बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ” सिर्फ नारा न रहे। पालकों का भरोसा कायम रहे ताकि वे अपनी बेटियों को बेखौफ स्कूल भेज सकें।










