• प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ में साझा की जीवन जुड़ी यादें
Deputy CM Arun Sao : बिलासपुर। किसान परिवार और ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रदेश की सत्ता में उपमुख्यमंत्री पद पर पहुंचने वाले अरुण साव ने यह मुकाम संघर्ष के रास्ते पर चलकर पाया। यह सीख उन्हें विरासत में मिली और सीढ़ी दर सीढ़ी आगे बढ़ते गए। छात्र राजनीति से उनकी राजनीति की शुरूआत हुई, जिसने उन्हें संसद तक पहुंचाया
Deputy CM Arun Sao : अरूण साल का बचपन मुंगेली के लोहरिया गांव में बीता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर छात्र राजनीति की शुरुआत की। उनके पिता भी वकील थे। उन्होंने भी एलएलबी की पढ़ाई की और वकालत के पेशे में आ गए। यहीं से उनमें संघर्ष और समाजसेवा का जज्बा पैदा हुआ। बिलासपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना कार्यक्रम में पहली बार श्री साल ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए।
Deputy CM Arun Sao : पत्रकारों से संवाद में श्री साल ने बताया कि बचपन से ही उनकी रुचि रचनात्मक कार्यों और समाज में सक्रिय रहने में रही। उनके दादा बड़े किसान थे, जबकि पिता वकील होने के साथ गांव में तीन-चार बार सरपंच रहे। पिता ने जनता पार्टी और भाजपा में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं। परिवार में सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों का माहौल था। इस विरासत ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया। संघर्ष का पहला पाठ उन्होंने यही पढ़ा।
छात्र राजनीति से राष्ट्रीय कार्यसमिति तक
कॉलेज के दिनों में छात्र प्रतिनिधि, साहित्यिक सचिव और सांस्कृतिक सचिव जैसे दायित्वों से राजनीतिक सक्रियता को दिशा मिली। वर्ष 1990 में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की मुंगेली इकाई के अध्यक्ष बने। इसके बाद इकाई अध्यक्ष से प्रांत सहमंत्री, विभाग प्रमुख, संभाग प्रमुख और राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य तक संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। केआर लॉ कॉलेज, बिलासपुर से एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने युवा मोर्चा में काम किया और मंडल से लेकर जिला व प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं।
वकालत के साथ सक्रिय राजनीति
वर्ष 1996 में मुंगेली में वकालत शुरू करने के बाद दिसंबर 2000 में बिलासपुर में उच्च न्यायालय की शुरुआत के साथ वे यहां आ गए। उच्च शासकीय अधिवक्ता, शासकीय अधिवक्ता और उप महाधिवक्ता जैसे दायित्वों के माध्यम से न्यायिक क्षेत्र में भी सक्रिय रहे। वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। वर्ष 2022 में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बने और वर्ष 2023 में लोरमी विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होने के बाद उप मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी तक पहुंचे।
रक्त परीक्षण से सेवा की पहल
साव ने राजनीति के साथ समाजसेवा के शुरुआती अनुभवों को भी याद किया। वर्ष 1996 में मुंगेली में रक्तदान जागरूकता और रक्त समूह परीक्षण शिविर आयोजित कराया गया। उस समय रक्तदान को लेकर लोगों में संकोच और भय था। ऐसे माहौल में सहमति पत्र भरवाकर करीब 500 लोगों के रक्त समूह की जांच कराई गई। रक्तदाताओं की जानकारी वाली निर्देशिका तैयार कर डॉक्टरों और मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाई गई, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्तदाता मिल सकें।
मुंगेली के मिशन अस्पताल में नेत्र शिविरों के दौरान करीब सौ कार्यकर्ताओं के साथ मरीजों की सहायता और व्यवस्थाओं में जुटना, लावारिस शवों के अंतिम संस्कार में सहयोग करना तथा स्कूल-कॉलेज की समस्याओं को लेकर आवाज उठाना भी उनकी सामाजिक सक्रियता का हिस्सा रहा ।
गिल्ली-डंडा, भौंरा और संघ की शाखा
लोहरिया गांव में तीसरी कक्षा तक पढ़ाई करने वाले साव का बचपन खेत-खलिहान, तालाब और पारंपरिक ग्रामीण खेलों के बीच बीता। गिल्ली-डंडा और भौंरा उनके पसंदीदा खेल थे। चौथी कक्षा से मुंगेली में पढ़ाई शुरू हुई तो मोहल्ले के बाल मंदिर में खेलना और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा में जाना दिनचर्या का हिस्सा बन गया। गर्मियों में तालाब में घंटों नहाना और खेती-किसानी में परिवार का हाथ बंटाना ग्रामीण जीवन से उनके जुड़ाव को मजबूत करता रहा।

