Bilaspur Crime : बिलासपुर (fourthline) । शहर के बहुचर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड में मामले में नया मोड़ आने वाला है । संजू की पत्नी पेशे से शिक्षिका किरण ने ऊपरी अदालत जाने का फैसला किया है और पुलिस की जांच पर सवाल उठाए हैं। परिवार की सुरक्षा के साथ मामले की नए सिरे से सीबीआई जांच की मांग की है ।
हत्याकांड के पीछे पारिवारिक विवाद
संजू त्रिपाठी हत्याकांड में सभी 22 आरोपियों के सेशन कोर्ट से बरी होने के बाद उनकी पत्नी किरण ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाए हैं और हाई कोर्ट जाने के निर्णय लिया है। किरण त्रिपाठी ने आरोप लगाए हैं कि गवाहों के बयान बदल दिए गए हैं और रिपोर्ट को पूरी तरह प्रभावित किया गया है। पति की हत्या के बाद अपने बच्चों की सुरक्षा पर भी चिंता जताई है। उल्लेखनीय है कि किरण शिक्षिका है और रोज स्कूल आती-जाती हैं।उन्होंने आईजी और एसपी पी से सुरक्षा की मांग भी की है। उनका मानना है कि सीबीआई जांच से ही असली आरोपियों को सजा मिल सकती है।
पुलिस की भूमिका पर सवाल
इस बहुचर्चित हत्याकांड मामले में बिलासपुर जिला एवं सत्र न्यायालय ने 30 अक्टूबर 2026 को साक्ष्य के अभाव में सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में मृतक कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी के भाई, पिता और अन्य लोगों समेत कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। संजू के सगे छोटे भाई कपिल त्रिपाठी को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया था। जयनारायण त्रिपाठी (पिता) सुचित्रा त्रिपाठी (परिवार की सदस्य) दानिश अंसारी ,जिस पर गोली चलाने का आरोप था सहित 22 आरोपी बनाए गए थे। अदालत ने यह फैसला दिया कि पुलिस और अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ हत्या का षड्यंत्र, साक्ष्य और पुख्ता सबूत अदालत में साबित करने में असफल रहे।
परिवार की सुरक्षा मांगी
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, एक्स-रे/मेडिकल रिपोर्ट्स और गवाहों के बयानों में तालमेल की कमी के चलते अदालत ने सभी आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया। इस फैसले के बाद मृतक संजू त्रिपाठी की पत्नी किरण त्रिपाठी ने पुलिस की तफ्तीश पर निराशा जताई है। इस फैसले को ऊपरी अदालत में चुनौती देने के साथ-साथ पूरे मामले की नए सिरे से CBI जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

