Bihar Crime : भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले के आरा में एक मां ने ही अपने 14 साल के बच्चे की हत्या करवा दी । पूरा मामला मोबाइल के कॉल डिटेल से खुला। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्यारे तथा वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही हैं। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होना बताया जा रहा है।
प्रेम – प्रसंग से जुड़ा मामला
तरारी थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में प्रेम प्रसंग के चलते मां ने ही 14 साल के बेटे की हत्या करवा दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी मां मानती देवी का गांव के ही युवक संतोष कुमार के साथ प्रेम प्रसंग था। बेटा मोहित लगातार इस रिश्ते का विरोध करता था, जिससे नाराज मां और आरोपी संतोष ने मिलकर मोहित की हत्या की साजिश रची। इस पूरे मामले का खुलासा मोबाइल की कॉल डिटेल के माध्यम से हुआ। पुलिस को कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मां की संलिप्तता का पता चला।
बेटे से होता था विवाद
एसडीपीओ कन्हैया कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि मानती देवी और संतोष कुमार के बीच प्रेम संबंध थे। 14 वर्षीय मोहित राज को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, इसी विरोध से नाराज होकर बेटे को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
ATM से पैसे निकालने निकला था मोहित
घटना 27 अक्टूबर की शाम की है। मोहित राज करथ गांव स्थित ATM से पैसे निकालने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि रास्ते में संतोष कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे घेर लिया और मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। अगले दिन यानी 28 अक्टूबर की सुबह करथ गांव के बिरहर करहा के पास उसका शव बरामद हुआ। इसके बाद मृतक के पिता सत्येंद्र सिंह के बयान पर संतोष कुमार और दो-तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
मोबाइल कॉल डिटेल से बेनकाब हुई मां
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुरू की। जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य सबूतों की पड़ताल की गई। पुलिस के अनुसार, इन साक्ष्यों से मानती देवी की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी संतोष कुमार और उसके दो-तीन अज्ञात सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। संभावित ठिकानों पर पुलिस टीम दबिश दे रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

