Devutthani Ekadashi,:बिलासपुर (fourthline)। बिलासपुर में देवउठनी एकादशी के लिए धूम है lबाजार में चहल-पहल है lऔर जगह-जगह गन्ने दिखाई दे रहे हैं l बिलासपुर में आज सुबह से ही कुछ अलग सी रौनक है। फूलों की दुकानों पर भीड़ है, घरों के आंगन में तुलसी के पास दीये सजे हैं, मंदिरों में घंटियां बज रही हैं और गलियों में ढोल तिमकी की आवाजें आ रही हैं। देवउठनी एकादशी, जिसे प्रबोधिनी एकादशी भी कहते हैं। इस साल यह पर्व शुक्रवार, 20 नवंबर को है और तुलसी विवाह 21 नवंबर को मनाया जाएगा।
मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। बिलासपुर के ज्योतिष विशेषज्ञ अशोक व्यास के अनुसार इन चार महीनों को चातुर्मास कहते हैं और इस दौरान शादी विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन जैसे मांगलिक कार्य नहीं होते। देवउठनी एकादशी पर भगवान के जागते ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और फिर से शुभ मुहूर्त शुरू हो जाते हैं। यही वजह है कि बिलासपुर में आज से शादियों की शहनाई, लगन पत्रिका और हल्दी मेहंदी की तैयारियां एक साथ शुरू हो जाती हैं।
बिलासपुर में इस पर्व का सबसे सुंदर रूप घरों में दिखता है। सुबह स्नान के बाद महिलाएं तुलसी के पौधे को लाल चुनरी ओढ़ाती हैं, गन्ने का मंडप बनाती हैं, दीये जलाती हैं और तुलसी माता को दुल्हन की तरह सजाती हैं। शाम को शालिग्राम या श्रीकृष्ण के विग्रह के साथ तुलसी का विवाह कराया जाता है। कई घरों में पूरा ब्याह ही रचाया जाता है, बारात, मंगलगीत, भजन और प्रसाद के साथ। इस दिन व्रत रखने वाले चावल नहीं खाते और फलाहार करते हैं।
अगर देवउठनी एकादशी बिलासपुर की आत्मा है, तो राउत नाचा उसका सबसे जोशीला रूप है। जिसे स्थानीय बोली में कई लोग राहुत या रावत नाचा भी कहते हैं, वह असल में यदुवंशी समाज का पारंपरिक लोकनृत्य है। यह नृत्य यादव या अहीर समुदाय द्वारा किया जाता है, जो खुद को भगवान श्रीकृष्ण का वंशज मानते हैं। बिलासपुर में इसका सामूहिक आयोजन 1978 से हो रहा है। देवउठनी एकादशी से ही राउत नाचा की शुरुआत हो जाती है और फिर करीब 15 दिनों तक यह चलता है। इन दिनों यदुवंशी युवक पारंपरिक वेशभूषा में, पगड़ी, घुंघरू, लाठी और सजे धजे रूप में टोलियों में निकलते हैं। घर घर जाकर नाचते हैं, दोहे सुनाते हैं और लोगों के सुख शांति व समृद्धि की कामना करते हैं। बिलासपुर में इसका भव्य महोत्सव एकादशी के बाद पड़ने वाले पहले शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में होता है, जहां जिले भर की टोलियां अपनी कला दिखाती हैं। डॉ आर कालीचरण यादव बताते हैं इस मौके पर मड़ाई पत्रिका निकाली जाती है जो बिलासपुर की विशेषता है l
राउत नाचा में सिर्फ नाच नहीं
इसमें शृंगार भी है और शौर्य भी। लाठी घुमाना, ताल पर पैर मिलाना, दोहों के जरिए हंसी मजाक और समाज को संदेश देना, सब एक साथ चलता है। गांवों में तो टोलियां रात रात भर घूमती हैं, लोग उन्हें गुड़, अनाज और नेग देकर विदा करते हैं। इसके साथ ही बिलासपुर के आसपास के गांवों में इस समय फसल तैयार होने की खुशी भी जुड़ जाती है। खेत से घर आई नई फसल, देवों का जागना और राउत नाचा की थाप, तीनों मिलकर एकादशी को खेती किसानी के उत्सव में बदल देते हैं। बिलासपुर में एकादशी सिर्फ एक व्रत नहीं है। यह धर्म, संस्कृति और लोक जीवन का संगम है। सुबह तुलसी विवाह की भक्ति, दोपहर से मांगलिक कार्यों की शुरुआत और शाम से राउत नाचा की धूम, यही बिलासपुर की एकादशी को खास बनाती है।
छत्तीसगढ़ में देवउठनी एकादशी (जिसे स्थानीय रूप से जेठौनी एकादशी भी कहा जाता है) 20 नवंबर शुक्रवार को मनाई जा रही है। इस अवसर पर रायपुर जिले और सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। रायपुर और नवा रायपुर अटल नगर 20 नवंबर को शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं में स्थानीय अवकाश रहेगा (बैंक, कोषालय और उपकोषालय सामान्य रूप से खुले रहेंगे। सारंगढ़–बिलाईगढ़: कलेक्टर कार्यालय के आदेश के अनुसार, भाई दूज के स्थान पर अब 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी पर जिले में स्थानीय अवकाश रहेगा (बैंक व कोषालय इससे बाहर हैं)।
डा, मनीष दीवान बताते हैं घरों में गन्ने का मंडप बनाकर विधि-विधान से तुलसी विवाह कराया जाता है। मौसमी अर्पण, पूजा में स्थानीय फल, सब्जियां और बिलासपुर में मिलने वाली सारी भाजियां अर्पित की जाती हैं और लगभग दिवाली की तरह ही पूरा त्यौहार मनाया जाता है आतिशबाजी भी होती है।



