Patwari strike: बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें काम पर लौटने की अपील की है। बलौदाबाजार जिले के सुहेला प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पटवारियों से संवाद करने के लिए तैयार है और उनकी जायज मांगों पर विचार किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि बातचीत के लिए पटवारियों को पहले काम पर वापस लौटना होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सभी को अपने काम पर लौटकर जनता की सेवा करनी चाहिए। सरकार बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है। पटवारियों की जो भी वाजिब मांगें होंगी, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। सीएम ने पटवारियों से अपील की कि वे हड़ताल समाप्त कर सरकार के साथ संवाद करें, ताकि उनकी मांगों पर बातचीत के जरिए समाधान निकाला जा सके।
पटवारी भी किसान परिवारों से
मुख्यमंत्री ने पटवारियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि वे भी किसी न किसी किसान परिवार से आते हैं। वे किसी परिवार के बेटे और भाई हैं। इसलिए उन्हें किसानों की परेशानियों और उनकी जरूरतों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी का काम सुचारू रूप से चल रहा है और कहीं कोई परेशानी नहीं हो रही है। ऐसे में पटवारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए काम पर लौटना चाहिए।
हड़ताल के दौरान हुई है कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने पटवारियों को एक और भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान पटवारियों पर हुई कार्रवाई को लेकर भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। यानी सरकार ने उनकी मांगों के साथ कार्रवाई के मुद्दे पर भी बातचीत का रास्ता खुला रखा है।



