CG weather update: बिलासपुर (fourthline) l बादल हटने के बाद अब कड़ाके की ठंड बढ़ने के आसार हैं। अब लगातार ठंड बढ़ेगी। चक्रवात अकवान का असर थमने के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा है और आने वाले दिनों में सुबह कोहरा और रात में ठंड और ज्यादा महसूस होगी। छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान का असर खत्म होने के बाद अब ठंड बढ़ेगी। उत्तरी छत्तीसगढ़ और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर पड़ने के साथ मौसम में बदलाव होगा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद 24 नवंबर से रात के तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। यानी मंगलवार से ठंड का असर बढ़ने लगेगा। फिलहाल आज भी प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम खुलने के साथ रातें ठंडी होने के आसार हैं। शनिवार को प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बिलासपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 90 मिमी बारिश भैसमा में हुई। रायपुर में भी 14.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई, लेकिन रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
रायपुर में सुबह कोहरा छाया रहा और बादल छाए रहने से दिन का तापमान करीब 6 डिग्री कम रहा। अब आसमान साफ होने और बादल कम होने के बाद रात के तापमान में गिरावट आएगी। प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी काफी अंतर देखने को मिल रहा है। जगदलपुर में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 19 डिग्री रहा। माना एयरपोर्ट में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री, दुर्ग में 18.4 और राजनांदगांव में 18 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर में भी अब मौसम खुलते ही सुबह कोहरा छाने और रात में ठंड बढ़ने की संभावना है। लोगों को सुबह-शाम ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का इंतजाम अभी से कर लेना चाहिए।



