Cyclone Akvan : रायपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में 20 और 21 नवंबर को बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 20 नवंबर को बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद और महासमुंद में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 21 नवंबर को बस्तर संभाग के सभी जिले, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा में येलो अलर्ट जारी किया है।
झोंकों की गति 110 किमी रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, यह तूफान 20 नवंबर की दोपहर तक नरसापुर और पुरी के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों से टकरा सकता है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। चक्रवात के खतरे को देखते हुए दोनों राज्यों में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ओडिशा के 13 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है, जबकि छह जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों को तीन दिनों के लिए बंद रखने का आदेश दिया गया है। तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत शिविर तैयार करने और आपदा प्रबंधन टीमों की तैनाती की जा रही है।
400 से अधिक चक्रवात केन्द्र तैयार
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि राज्य में 400 से अधिक चक्रवात केंद्रों को सक्रिय किया जा रहा है। लोगों को 19 नवंबर दोपहर 2 बजे से सुरक्षित स्थानों और ऊंचे इलाकों में पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य तूफान के प्रभाव से पहले जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित करना है।
राहत और बचाव कार्य के लिए 74 टीमें तैनात
चक्रवात के दौरान भारी बारिश, तेज हवाओं, बिजली आपूर्ति बाधित होने और सड़कों पर पेड़ गिरने जैसी घटनाओं से निपटने के लिए ओडिशा में 74 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें 60 ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF) और 14 राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें शामिल हैं। राहत और बचाव अभियान के लिए टीमें तैयार रखी गई हैं।
छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक स्कूल बंद
चक्रवात अकवान के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने गंजाम, गजपति, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा और कंधमाल जिलों में सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों को 19 से 21 नवंबर तक बंद रखने का फैसला किया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया गया है।
समुद्र तटों पर पर्यटन गतिविधियों पर रोकप्रशासन ने जोखिम वाले समुद्र तटों पर समुद्र में नहाने, नौका विहार, वाटर स्पोर्ट्स, क्रूज और अन्य समुद्री पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगा दी है। असुरक्षित समुद्र तटों, घाटों, तटीय व्यूइंग पॉइंट और अन्य संवेदनशील पर्यटन स्थलों पर लोगों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। पर्यटन विभाग को बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा गया है।
होटल और रिसॉर्ट को भी अलर्ट रहने निर्देश
ओड़िशा के तटीय इलाकों में होटल, रिसॉर्ट और टूर ऑपरेटरों को पर्यटकों को चक्रवात के खतरे की जानकारी देने और बाहरी गतिविधियां रद्द करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, आपातकालीन संपर्क नंबर उपलब्ध कराने और जरूरी सामान का स्टॉक रखने को कहा गया है।
आंध्र प्रदेश में NDRF-SDRF की टीमें तैयार
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक और रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी (RTGS) के सीईओ प्रखर जैन ने बताया कि चक्रवात की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। राहत और बचाव के लिए NDRF की 13 टीमें, SDRF की 11 टीमें और दमकल विभाग को तैयार रखा गया है।
समुंद्र उठ सकती हैं ऊंची लहरें
20 नवंबर को तूफान के तट से टकराने के दौरान समुद्र का जलस्तर सामान्य ज्वार से 0.5 से 1 मीटर तक ऊपर उठ सकता है। इससे आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के निचले तटीय इलाकों में समुद्री पानी घुसने और जलभराव की आशंका है। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।



