Fire at Bhanpuri polymer factory: रायपुर। राजधानी के भनपुरी स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में देर रात भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इसे बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को पूरी रात मशक्कत करनी पड़ी। आग शार्ट सर्किट की वजह से लगना बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह प्रशासनिक अधिकारियों और दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग करीब दो बजे लगी थी, सुबह छह बजे काबू पाया जा सका।
देर रात धधक उठी फैक्ट्री, मची अफरातफरी
भनपुरी स्थित गजराज पाइप फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया है। आग इतनी भयावह है कि इस पर काबू पाने के लिए पिछले 4 से 5 घंटों से लगातार मशक्कत की जा रही है।
दरअसल, रायपुर के भनपुरी इलाके में स्थित गजराज पाइप फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में टैंक और पाइप का निर्माण किया जाता है। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर निगम और निजी प्लांटों की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग इतनी भीषण है कि कई घंटों की मशक्कत के बाद भी उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
12 से 15 दमकल गाड़ियां लगाई गईं
आग बुझाने के लिए नगर निगम और निजी प्लांटों की करीब 12 से 15 दमकल गाड़ियां लगाई गईं। आसपास के जिलों से भी दमकल वाहनों को बुलाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF की टीम भी मदद के बुलाई गई।। कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह समेत जिला प्रशासन और पुलिस समेत SDRF के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे।
कलेक्टर पूरी रात मौके पर डटे रहे
कलेक्टर के साथ एसडीएम नभसिंह कोसले, तहसीलदार राममूर्ति दीवान सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।कलेक्टर ने मौके पर रहकर आग बुझाने के अभियान की निगरानी की और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। आग की गंभीरता को देखते हुए वे पूरी रात घटनास्थल पर डटे रहे। दमकलकर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारी सुबह तक मौके पर मौजूद रहे। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही वे घटनास्थल से रवाना हुए।
लाखों का सामान जलकर खाक
SDRF अधिकारी के मुताबिक आग की लपटें आसपास की फैक्ट्रियों तक न पहुंचें, इसके लिए भी लगातार प्रयास किए गए। प्रशासन और दमकल विभाग की प्राथमिकता आग को दूसरी फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकना रहा। इस भीषण अग्निकांड में फैक्ट्री को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका वं है।
आग लगने का कारण अभी अज्ञात
फैक्ट्री एक हफ्ते से थी बंद थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। माहेश्वरी मार्केटिंग नामक इस फैक्ट्री में गजराज पाइप नामक प्लास्टिक पाइप और छत पर रखी जाने वाली प्लास्टिक टंकी बनाने का काम चलता था ।हालांकि फैक्ट्री त्यौहार होने के कारण पिछले एक हफ्ते से बंद पड़ी थी । फैक्ट्री के मालिक केदारनाथ माहेश्वरी परिवार समेत रायपुर से बाहर हैं।




