Naxalite treasure recovered: बीजापुर। सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी कामयाबी मिली है। बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी के आसपास के जंगलों से पुलिस ने जंगल से माओवादियों का खजाना बरामद किया है । इसमें 3.84 किलोग्राम सोना मिला है, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये है और साथ में 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद हुआ है।
सूचना पर पुलिस ने खोज निकाला
घटना 27 नवंबर 2026 की है जब थाना भैरमगढ़ क्षेत्र में जंगल के भीतर डम्प छिपा होने की सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। डीआरजी, थाना पुलिस और बीडीएस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
स्टील के डिब्बे में छिपाया गया था
थाना भैरमगढ़ से 8 से 10 किलोमीटर दूर सर्चिंग के दौरान जमीन के अंदर एक स्टील का डिब्बा मिला। इस डिब्बे की तलाशी लेने पर 10-10 तोले के 33 सोने के बिस्किट बरामद किए गए। इन सभी बिस्किटों का कुल वजन 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम है। डिब्बे के अंदर टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोट रखे मिले।
अब तक 12 किलो से ज्यादा सोना बरामद
पुलिस के अनुसार, बीजापुर जिले में माओवादी डम्प के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक अलग-अलग स्थानों से कुल 12 किलो 340 ग्राम सोना और 8 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की जा चुकी है। ताजा बरामदगी को सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सोना और नकदी किस माओवादी नेटवर्क से जुड़े थे और इन्हें जंगल में किस उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था।



