Mahadev Betting Case: रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में आरोपी वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को शनिवार को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 10 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। 28 नवंबर को ED की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद एजेंसी ने आगे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग नहीं की। ED ने कोर्ट से 14 दिन की न्यायिक हिरासत देने की मांग की थी।
हिमांशु शेखर पर आरोप है कि उसने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लिए थे। हालांकि, हिमांशु ने इन आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि उसने सौरभ चंद्राकर से कोई पैसा नहीं लिया और ED के पास कथित लेन-देन का कोई ठोस सबूत नहीं है।
सौरभ चंद्राकर से कोई लेन-देन नहीं -बचाव पक्ष
कोर्ट में हिमांशु शेखर की ओर से पेश हुए वकील फैजल रिजवी ने ED के आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 15 करोड़ रुपए लेने के आरोप का समर्थन करने के लिए कोई बैंक ट्रांजेक्शन या दूसरा ठोस सबूत मौजूद नहीं है। बचाव पक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि हिमांशु किसी बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकृत नहीं है, बल्कि वह एक लॉ फर्म में काम करता है। हिमांशु का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसने ED के सभी सवालों के जवाब दिए हैं।
जान का खतरा बताया, जेल में सुरक्षा मांगी
कोर्ट में पेशी के दौरान हिमांशु शेखर ने अपनी जान को खतरा बताया। उसने जेल में सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए अदालत में आवेदन भी दिया।इस पर कोर्ट ने जेलर को जेल के नियमों के मुताबिक उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कोर्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हिमांशु को न्यायिक हिरासत में रायपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
केस रफा-दफा कराने 15 करोड़ लेने का आरोप
दरअसल, ED की जांच में हिमांशु शेखर पर आरोप है कि उसने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लिए थे। आरोप है कि उसने इसके लिए जजों और अधिकारियों को मैनेज करने का भरोसा दिलाया था। ED इस कथित लेन-देन के साथ हिमांशु और सौरभ चंद्राकर के बीच दुबई में हुई मुलाकातों की भी जांच कर रही है। एजेंसी को सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु के बारे में जानकारी मिली थी।



