CG Urban Development: रायपुर । छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों की सीमाओं का विस्तार करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत रायपुर, बिलासपुर, भिलाई समेत प्रदेश के 10 नगर निगमों के आसपास स्थित गांवों को शहरी क्षेत्र में शामिल किया जा सकता है। खास बात यह है कि 16वें वित्त आयोग ने निगम सीमा में शामिल होने वाले ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रति व्यक्ति 2,000 रुपये अतिरिक्त अनुदान देने का प्रावधान किया है। यानी 2011 की जनगणना के मुताबिक 5 हजार आबादी वाला गांव निगम में शामिल होता है तो उसके लिए एक करोड़ रुपये तक अतिरिक्त अनुदान मिल सकता है। वहीं, अगले पांच साल में छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों को कुल 4,990 करोड़ रुपये मिलेंगे।
इन नगर निगमों का होगा सीमा विस्तार
नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने प्रदेश के 10 नगर निगम आयुक्तों से संभावित गांवों की सूची मांगी है। इसके लिए निर्धारित प्रपत्र में जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। इन नगर निगमों में रायपुर नगर निगम, बिलासपुर नगर निगम, भिलाई नगर निगम, कोरबा नगर निगम, दुर्ग नगर निगम, रायगढ़ नगर निगम, राजनांदगांव नगर निगम, जगदलपुर नगर निगम, अंबिकापुर नगर निगम और रिसाली नगर निगम शामिल हैं।
पहले चरण में आसपास के ऐसे गांवों की पहचान की जाएगी, जिन्हें निगम की सीमा में शामिल किया जा सकता है। इसके बाद उन्हें शहरी क्षेत्र में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
गांवों को अतिरिक्त फंड
16वें वित्त आयोग की अनुशंसा में निगम सीमा में शामिल होने वाले ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रति व्यक्ति 2,000 रुपये अतिरिक्त अनुदान का प्रावधान किया गया है। इसके लिए आबादी का आधार 2011 की जनगणना को बनाया जाएगा।यह अतिरिक्त राशि संबंधित क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में मदद करेगी। सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा।



