CG Weather alert: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ने के आसार हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने और एक-दो बार गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव और गरियाबंद में तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। इन इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। सुकमा, महासमुंद, रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, रायगढ़ और बलौदाबाजार समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
22 सितंबर से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में मौसमी सिस्टम सक्रिय है। इसके प्रभाव से कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़कर 21 सितंबर तक अवदाब और 22 सितंबर तक गहरे अवदाब में बदल सकता है। इसके असर से 22 से 25 सितंबर के बीच छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश हो सकती है। 22 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश के भी आसार हैं।









