कोरबा। हाथी विचरण क्षेत्र एवं जंगलों से लगे इलाके के चचिया धान खरीदी केंद्र में बीती रात लोनर हाथी धान खरीदी केंद्र में घुस आया व दर्जनों बोरे धान चटकर चला गया। धान की रखवाली में लगे कर्मचारी डर के मारे दुबके रहे।
पांच दिनों में दूसरी बार हाथी की धमक से सहमे फड़ प्रभारी ने उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं को पत्र लिखकर उपार्जन केंद्र चचिया में तत्काल धान खरीदी बंद कर शेष किसानों का कोरकोमा में धान खरीदने की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही मार्कफेड से खरीदे गए धान का तत्काल उठाव एवं आगामी खरीफ वर्ष से धान उपार्जन केंद्र के लिए उपयुक्त सुरक्षित स्थल का चयन करने का आग्रह किया है।

