• बच्चों को बचाने पिता के गहरे पानी में कूदने की आशंका, ग्रामीणों ने निकाला चारों का शव
Four drowned in river : सूरजपुर। जिला मुख्यालय से लगे गांव सरस्वतीपुर में रेंड़ नदी में डूबने से एक पिता और तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार सुबह हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नदी में नहाने पहुंचे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मृतकों में पिता, उनका एक बच्चा और बिहार की राजधानी पटना से घूमने आए उनके दो भांजे शामिल हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय स्तर पर ब्यूटी पार्लर संचालित करने वाली महिला के पति अपने बच्चे और पटना से आए दो भांजों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य एक दिन पहले भी इस स्थान पर आए थे और वीडियो कॉल के जरिए घर पर नदी का नजारा दिखाते हुए यहां नहाने की योजना के बारे में बताया था। हालांकि, किसी को अंदाजा नहीं था कि यह जगह उनके लिए इतनी भयावह साबित होगी।

बच्चों को बचाने की कोशिश में पिता भी डूबा
इधर आशंका जताई जा रही है कि बच्चों में से किसी के गहरे पानी में डूबने पर पिता उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा होगा, हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नदी से निकाले गए पिता के शरीर पर पूरे कपड़े थे और माथे पर टीका लगा हुआ था। बच्चों को बचाने की कोशिश में पिता समेत चारों की जान चली गई।
नदी में गहरा पानी और चट्टान के बीच गड्ढे
ग्रामीणों के अनुसार,नदी में से अधिक गहरा पानी होने के साथ नीचे गड्ढे और पत्थर भी हैं। हादसे के बाद चारों के शव अलग-अलग स्थानों पर फंसे हुए थे, जिसके कारण उन्हें बाहर निकालने में काफी समय लगा। एक ग्रामीण जो शवों को निकालने के प्रयास में शामिल था, ने बताया कि पानी की गहराई, गड्ढे और पत्थरों के कारण रेस्क्यू करने में कठिनाई हुई।
ग्रामीणों ने शव निकाले
ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कड़ी मशक्कत की और चारों शवों को नदी से बाहर निकाला।घटना के बाद पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक ही परिवार से जुड़ी चार जिंदगियों के इस तरह असमय समाप्त होने से सरस्वतीपुर क्षेत्र में शोक की लहर है।

