Leopard Attack: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के वनांचल इलाकों में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटों के भीतर तेंदुए के लगातार हमलों से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। तेंदुए ने 12 ग्रामीणों को घायल कर दिया है, वहीं एक गर्भवती महिला की मौत हो गई है। इस घटना के बाद से ग्रामीण अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता में हैं।
Leopard Attack: इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली मृतका की पहचान रामशिला मांडवी (25 वर्ष), निवासी बस्तर-बूड़रा के रूप में हुई है। महिला की मौत से पूरे इलाके भारी दहशत है। स्थानीय लोगों की रातों की नींद उड़ गई है। तेंदुए के हमलों की अधिकांश घटनाएं सीतानदी अभयारण्य क्षेत्र और उससे लगे वनांचल हुई हैं। हाल ही में कारीपानी के जंगल में भी तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिली है। हमलों के कारण गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।
घायलों का चल रहा इलाज
तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। तीन घायलों का इलाज जिला अस्पताल धमतरी में जारी है। अन्य घायलों को सिविल अस्पताल नगरी, सिविल अस्पताल बोराई और केशकाल क्षेत्र के विश्रामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव में सतर्क रहने की मुनादी
सीतानदी-उदंती टाइगर रिजर्व और केशकाल वन परिक्षेत्र से जुड़े इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। स्थानीय लोगों की मांग है कि तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ा जाए, ताकि आगे कोई और अनहोनी न हो।

