Student’s protest : रांची। झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का सत्याग्रह आंदोलन शुक्रवार को 14वें दिन भी जारी रहा। इस बीच सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच राजकीय अतिथिशाला में करीब दो घंटे तक अहम बैठक हुई। बैठक में छात्रों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई, लेकिन सीबीआई जांच की मांग पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका।
Student’s protest : राजकीय अतिथिशाला में हुई बैठक में 10 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल और राज्य सरकार के मंत्रियों ने आमने-सामने बातचीत की। दोनों पक्षों ने वार्ता को सकारात्मक बताया और कहा कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से चर्चा की गई। हालांकि, आंदोलन की प्रमुख मांग सीबीआई जांच पर फैसला नहीं होने के कारण छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
Student’s protest : बैठक के बाद छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि सरकार के साथ यह पहली औपचारिक बैठक थी और बातचीत बेहद सकारात्मक माहौल में हुई। उन्होंने कहा कि ऐसा महसूस हुआ जैसे परिवार के बीच चर्चा हो रही हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने बताया कि यह वार्ता का पहला चरण था और आगामी बैठकों में मांगों पर विस्तार से चर्चा होगी।
Student’s protest : बैठक के बाद दोनों पक्षों ने विस्तृत जानकारी साझा करने से परहेज किया। केवल इतना बताया गया कि कई मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई, लेकिन सीबीआई जांच की मांग पर अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका। अब इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ होने वाली अगली बैठक में चर्चा होगी।









