•अजय गुप्ता

Urban local body election: सूरजपुर। शिवनंदनपुर नगर पंचायत के पहले चुनाव में अध्यक्ष पद पर कमल खिलाते हुए भाजपा ने अपनी राजनीतिक बढ़त साबित कर दी है। भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि पार्षद पदों के नतीजों में कांग्रेस ने भी मजबूत मौजूदगी दर्ज कर मुकाबले को दिलचस्प बनाए रखा। अध्यक्ष पद पर भाजपा की सफलता और वार्डों में मिले-जुले जनादेश ने नगर पंचायत की राजनीति को नए दौर में पहुंचा दिया है। अब सभी की नजरें उपाध्यक्ष पद को लेकर बनने वाले समीकरणों पर है।

Urban local body election: अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल को 2028 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी को 1666 मत मिले। इस प्रकार रितेश जायसवाल ने 362 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को 214 मत प्राप्त हुए। शिवनंदनपुर नगर पंचायत बनने के बाद यह पहला चुनाव था, इसलिए इसे क्षेत्र की राजनीति का प्रतिष्ठापूर्ण मुकाबला माना जा रहा था। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी थी।

Urban local body election: भाजपा की ओर से मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह मरावी सहित संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने लगातार मोर्चा संभाला, वहीं कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने भी जनसभाओं और जनसंपर्क के जरिए मुकाबले को पूरी तरह प्रतिष्ठा का प्रश्न बना दिया था। लगभग 85 प्रतिशत मतदान के बाद आए नतीजों ने भाजपा को अध्यक्ष पद पर  जीत तो दिला दी, लेकिन पार्षद के परिणामों ने मुकाबले को रोचक भी बना दिया। पार्षद पद पर भाजपा से वार्ड क्रमांक 1 से श्यामू साहू, 2 से प्रमिला साहू, 4 से मंजू गोयल, 7 से अंजलि राजवाड़े, 10 से वर्षा जायसवाल, 12 से मनी बग्गा तथा 15 से प्रशांत अग्रवाल विजयी रहे। वहीं कांग्रेस से वार्ड क्रमांक 3 से अंशुल गोयल, 5 से विमला सिंह, 6 से विजेंद्र सिंह, 8 से हर्ष दनौदिया, 9 से संतोष जायसवाल, 11 से चंदन सिंह, 13 से वाहिद खान तथा 14 से दीपमाला सोनी ने जीत दर्ज की। इस प्रकार 15 वार्डों में कांग्रेस को 8 और भाजपा को 7 वार्डों में सफलता मिली।

Urban local body election: परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितेश जायसवाल के नेतृत्व में आभार रैली निकाली गई। रैली निर्वाचन कार्यालय से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए उनके निवास तक पहुंची, जहां मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। रैली में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह मरावी, भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, सतनारायण सिंह, शशिकांत गर्ग, अशोक सिंह,  ठाकुर राजवाड़े, राजेश्वर तिवारी, ललित गोयल, राजेश यादव, दीपेंद्र सिंह चौहान, रामानंद जायसवाल, दीपक गुप्ता, भगवान मिश्रा, हरीश राजवाड़े, नूतन विश्वास, श्यामा पांडे रुकमणी सिंह,देवंती साहू अरविंद मिश्रा, संस्कार अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

नगरवासियों का जताया आभार

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितेश जायसवाल ने नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत विकास, विश्वास और शिवनंदनपुर के उज्ज्वल भविष्य की जीत है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए सभी वादों , संकल्पों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी मतदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके विश्वास पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया।

Previous articleCG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बदलने वाला है मौसम, आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
Next articleCG News : यात्री बस में 20 क्विंटल गांजा बरामद, ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ाई करोड़ों की खेप

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here