• तीन दिग्गजों की एक मंच पर मौजूदगी की प्रदेशभर में चर्चा
Urban Local Body Elections : सूरजपुर। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर का चुनाव अब केवल स्थानीय निकाय तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि प्रदेश की राजनीति की चर्चा के केंद्र में आ गया है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज एक साथ सक्रिय नजर आए। काफी समय बाद कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
Urban Local Body Elections : विश्रामपुर में जारी धरना-प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे भूपेश बघेल ने बाद में शिवनंदनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी सहित सभी 15 वार्डों के कांग्रेस पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया तथा जनसभा को संबोधित कर कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आव्हान किया।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस न्याय की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने आगाह किया कि अधिकारी किसी दबाव में काम न करें। इधर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज और टी. एस. सिंहदेव धरना स्थल पर आमरण अनशन पर बैठ गए हैं।
Urban Local Body Elections : अनशन स्थल पर पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, अमरजीत भगत, पूर्व संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह, वरिष्ठ नेता सुभाष गोयल, भगवती राजवाड़े, शफी अहमद, भानुप्रताप सिंह, संजय डोसी, सुनील अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इधर नरेंद्र जैन की पत्नी की रिपोर्ट पर भी देर रात पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जो कांग्रेस की प्रमुख मांगों में शामिल था। हालांकि अन्य मांगों को लेकर कांग्रेस अब भी अपनी मांगों पर कायम है और अनशन जारी है।










