बिलासपुर। Farmer Advancement Scheme: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार, 28 फरवरी को बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे विकासखंड बिल्हा के ग्राम रहंगी में आयोजित राज्य स्तरीय वृहद किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के बैंक खातों में 10,324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि सीधे अंतरित की जाएगी। धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार का यह एक बड़ा कदम है।
Farmer Advancement Scheme: मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह रायपुर के श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल जाएंगे और दोपहर 1:00 बजे राजकीय विमान से बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। बिल्हा में आयोजित मुख्य समारोह के बाद वे शाम को वापस रायपुर लौटकर इंडोर स्टेडियम में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के प्रवास और किसान सम्मेलन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
विधानसभा की कार्यवाही 9 मार्च तक स्थगित
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बजट पर सामान्य चर्चा शुक्रवार को पूरी हो गई। सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने विभिन्न अनुदान मांगों और विकास कार्यों पर अपनी बात रखी। चर्चा समाप्त होने के बाद सदन की कार्यवाही को होली अवकाश के चलते 9 मार्च की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। अब होली के बाद विभागवार चर्चा और आगे की विधायी प्रक्रिया शुरू होगी।










