Pensioners’ Federation : रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार के पेंशनरों की लंबित समस्याओं के निराकरण और उनके हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श के लिए 15 अक्टूबर को नवा रायपुर (अटल नगर)के इंद्रावती भवन में पेंशनर्स संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।यह बैठक राज्य सरकार के संचालनालय पेंशन एवं भविष्य निधि,द्वारा आयोजित की गई ।
संचालनालय के सभा कक्ष में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पेंशन एवं भविष्य निधि संचालक एस. जयवर्धन (आई.ए.एस.) ने की। बैठक में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव, प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी, दैनिक वेतनभोगी पेंशनर्स कल्याण प्रकोष्ठ के संयोजक अनिल पाठक, छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष पी.आर. यादव एवं महामंत्री उमेश मुदलियार, छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष आर.के. थवाईत एवं सुंदर सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. डी.पी. मनहर, पेंशनर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष यशवंत देवान, छत्तीसगढ़ पेंशनर्स समाज के प्रांताध्यक्ष चेतन भारती, पेंशनर्स मोर्चा के संयोजक बी.पी. शर्मा और सुनील नायक, राज्य पेंशनर्स एवं कर्मचारी कल्याण संघ के विष्णु चंद्राकर और विद्याभूषण दुबे सहित विभिन्न पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
पांच प्रमुख विषयों पर हुई चर्चा
बैठक के निर्धारित एजेंडे में पेंशन कल्याण मंडल का गठन, छत्तीसगढ़ पेंशन कल्याण निधि नियम, 1997 में आवश्यक संशोधन एवं उसका व्यापक प्रचार-प्रसार, संशोधित पेंशन भुगतान आदेश (पी.पी.ओ.) ऑनलाइन उपलब्ध कराने, लंबित पेंशन एवं परिवार पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण तथा पेंशनरों के लिए प्रभावी शिकायत निवारण एवं संवाद व्यवस्था विकसित करने जैसे विषय शामिल रहे। बैठक में पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण में तेजी लाने तथा उनकी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। संचालक एस. जयवर्धन ने समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया। पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए इसी प्रकार की बैठकें संभाग एवं जिला मुख्यालयों में आयोजित करने की मांग पर भी सहमति बनी।
पेंशनर संगठनों ने जताई उम्मीद
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ इकाई ने बैठक को पेंशनरों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। महासंघ ने उम्मीद जताई कि बैठक में उठाए गए विषयों पर ठोस निर्णय लेकर लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन एवं अन्य सेवानिवृत्ति स्वत्वों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए पेंशन संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और पेंशनर हितैषी बनाने तथा शिकायतों के व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान की व्यवस्था विकसित करने की अपेक्षा की गई।

