इंदौर। Fire Accident: इंदौर के ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में बुधवार तड़के तीन मंजिला मकान के बाहर स्थित ‘इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग प्वाइंट’ में धमाके के बाद मकान में आग लग जाने से सात लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
Fire Accident: सहायक पुलिस आयुक्त कुंदन मंडलोई ने बताया कि ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में एक मकान में बुधवार तड़के साढ़े तीन बजे से साढ़े चार बजे के बीच आग लगी। उन्होंने बताया कि आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई।
एसीपी ने बताया कि इस घटना के बाद एक बच्चे के लापता होने की सूचना मिली है और उसकी तलाश की जा रही है।शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि इस घटना में मारे गए सात लोगों के शव एक सरकारी अस्पताल में लाए गए।
Fire Accident: उन्होंने कहा, चार्जिंग प्वाइंट में धमाका हुआ और इसके बाद कार में लगी आग ने मकान को अपनी जद में ले लिया। घर के दरवाजों पर इलेक्ट्रॉनिक ताले लगे थे और इस कारण पुलिस को दरवाजे तोड़कर अंदर जाने में मुश्किल पेश आई। पुलिस आयुक्त ने बताया कि घर के भीतर रखे रसोई गैस सिलेंडरों में भी धमाके हुए जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने के दौरान घर में करीब 10 लोगों के होने की सूचना मिली है।










