रायपुर। CG Weather alert : छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में सूरज के तेवर और कड़े होने वाले हैं। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में भले ही तापमान स्थिर रहा हो, लेकिन अगले 72 घंटों के भीतर पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
CG Weather alert : प्रदेश के मध्य हिस्सों में 24 से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग स्थानों पर भीषण लू (हीट वेव) चलने की प्रबल संभावना है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए आम जनता को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलते वक्त विशेष सावधानी बरतने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी है।
CG Weather alert : प्रदेश के मौसम को वर्तमान में दो प्रमुख मौसमी सिस्टम प्रभावित कर रहे हैं। पहली ट्रफ लाइन पूर्व विदर्भ से दक्षिण के कोमोरिन इलाके तक फैली हुई है, जो तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु से होकर गुजर रही है। वहीं, दूसरा ट्रफ उत्तर-पूर्व बांग्लादेश से ओडिशा के उत्तरी हिस्से तक सक्रिय है।
CG Weather alert : इन सिस्टम्स के प्रभाव से अगले 24 घंटों तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा, जिससे गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजनांदगांव 44 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।










