रायपुर। CG Weather alert : मौसम विभाग ने दो दिन और आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान से झारखंड तक बनी ट्रफ लाइन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। शनिवार शाम राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर, दुर्ग और अंबिकापुर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिली है।
CG Weather alert : मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 2 दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। रायपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में आज भी बारिश की आशंका जताई गई है। विभाग का अनुमान है कि 11 मई के बाद आंधी-तूफान की इन गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आएगी।
CG Weather alert : राहत के इस दौर के बाद गर्मी एक बार फिर तेवर दिखाएगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 11 मई के बाद मौसम साफ होते ही तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश के तापमान में हल्की गिरावट आई है। राजनांदगांव में सबसे अधिक 41.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि जगदलपुर में सबसे कम 20.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ है।
CG Weather alert : प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है, विशेषकर तेज हवाओं के चलते पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है। ट्रफ लाइन के असर से हो रही यह प्री-मानसून गतिविधि पूरे प्रदेश में अलग-अलग प्रभाव डाल रही है।










