Urban Local Body Elections : सूरजपुर। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में पहली बार हो रहे नगरीय निकाय चुनाव के बीच राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में विश्रामपुर थाने के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू हुआ, जिससे चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है।
Urban Local Body Elections : कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नगर पंचायत चुनाव में मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा घबराई हुई है और सत्ता के दबाव में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस ने नरेंद्र जैन पर दर्ज आर्म्स एक्ट की धारा हटाने, दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी कार्रवाई करने तथा निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
Urban Local Body Elections : धरना-प्रदर्शन में रेडक्रॉस सोसायटी सरगुजा के सभापति आदितेश्वर शरण सिंहदेव, पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, पूर्व संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े, राज्य श्रम कल्याण मंडल के पूर्व चेयरमैन शफी अहमद, राज्य अनुसूचित आयोग के पूर्व चेयरमैन भानुप्रताप सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह, वरिष्ठ नेता सुभाष गोयल, भगवती राजवाड़े, नरेश राजवाड़े, रमेश दनौदिया, जिला महामंत्री संजय डोशी, सुनील अग्रवाल, ईस्माइल खान, पंकज तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। देर रात पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव भी धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। वहीं मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भी धरने में शामिल होने की चर्चा है।
Urban Local Body Elections : इधर भाजपा नेताओं का कहना है कि युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं से विवाद और धमकी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की शिकायत पर विश्रामपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। भाजपा का कहना है कि चुनावी माहौल खराब करने और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने की कोशिश की गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कर रही है। इधर चुनावी माहौल के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ता राजनीतिक टकराव नगर पंचायत शिवनंदनपुर के चुनाव को लेकर चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है।










