Agniveer Recruitment: रायपुर । सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर द्वारा जनवरी 2026 माह में धमतरी (छत्तीसगढ़) में आयोजित की गई भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती रैली के विभिन्न पदों के अंतिम परिणाम आज रूप से घोषित कर दिए । इसमें छत्तीसगढ़ के कुल 1163 युवाओं ने सफलता प्राप्त की है। सभी उत्तीर्ण उम्मीदवारों को निर्देशित किया गया है कि वे दिनांक 28 मई 2026 को सुबह 07 बजे अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। परीक्षा परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.in) पर सभी परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध करा दिया गया है और इसके साथ ही इसे सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर (छ.ग.) के नोटिस बोर्ड पर भी प्रदर्शित किया गया है।
Agniveer Recruitment: भारतीय सेना ने सभी सफल घोषित उम्मीदवारों को उनकी इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इसके साथ ही, सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सतर्कता संदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है और इसमें उम्मीदवारों का चयन केवल और केवल उनकी योग्यता के आधार पर ही किया जाता है, इसलिए सभी उम्मीदवारों को दलालों से पूरी तरह सावधान रहने की सलाह दी जाती है। इस भर्ती परिणाम, आगामी संदेशों या किसी भी प्रकार के स्पष्टीकरण के लिए उम्मीदवार सीधे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के नजदीक स्थित सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर के टेलीफोन नंबर 0771-2965212 अथवा 2965214 पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं।










