CG Crime : रायपुर। स्थानीय सिविल लाइन पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर दो युवतियों के खिलाफ दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 25 हजार रुपये की उगाही करने का मामला दर्ज किया है। पीड़ित युवक का कहना है कि नशीली सिगरेट पिलाकर युवतियों ने उसका और उसके साथी का फोटो, वीडियो रिकार्ड किया और धमकाने लगीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
CG Crime : पुलिस के अनुसार शंकर नगर निवासी जयंत चौधरी की मुलाकात मई 2026 में गुढ़ियारी में नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से हुई थी। दोनों ने नौकरी दिलाने और पार्लर खोलने के नाम पर आर्थिक मदद मांगी। इसके बाद फोन और मैसेज के जरिए लगातार संपर्क में रहकर मिलने का दबाव बनाती रहीं। युवक का आरोप है कि 14 जून को मुलाकात के दौरान दोनों युवतियों ने सिगरेट पीने का आग्रह किया, जिसके बाद उसे और उसके साथी को चक्कर आने लगे। इसी दौरान कथित तौर पर उनकी फोटो और वीडियो बना लिए गए। अगले दिन दोनों ने फोन कर गलत हरकत का आरोप लगाते हुए मामला दबाने के एवज में पैसे की मांग की और रुपये नहीं देने पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराने तथा परिवार और कार्यालय में बदनाम करने की धमकी दी।
CG Crime : शिकायत में बताया गया है कि लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर 25 जून को पीड़ित ने तरुण नगर हाट बाजार के पास दोनों युवतियों को 25 हजार रुपये नकद दे दिए। इसके बावजूद दोनों उससे और पैसों की मांग करती रहीं। एक जुलाई को कार में रखे नकदी से भरे बैग पर हाथ साफ करने की कोशिश की गई, जबकि 10 जुलाई को दोनों युवक के कार्यालय पहुंचीं और स्टाफ के सामने गाली-गलौज करते हुए फिर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों युवतियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मोबाइल चैट, सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है।









