Gen-Z Dialogue: नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत 6 अगस्त को देशभर के 100 से अधिक शहरों के युवाओं से वर्चुअल माध्यम के जरिए संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइटेड नेशन्स (IIMUN) की 15वीं वर्षगांठ पर आयोजित वार्षिक चैंपियनशिप कॉन्फ्रेंस का हिस्सा होगा। मुख्य आयोजन मुंबई के अंबानी सेंटर में होगा, जबकि विभिन्न शहरों के छात्र वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसमें शामिल होंगे।
Gen-Z Dialogue : आयोजकों के अनुसार, इस संवाद में 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के भाग लेने की संभावना है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के साथ विभिन्न सामाजिक, राष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श करना है। बता दें कि, IIMUN की स्थापना वर्ष 2011 में हुई थी। संस्था का दावा है कि यह युवाओं द्वारा संचालित संगठन है और इसके कार्यक्रम 40 से अधिक देशों तक पहुंच चुके हैं। संगठन के मुताबिक अब तक लगभग 7.5 करोड़ युवा किसी न किसी रूप में इसके कार्यक्रमों से जुड़े हैं।
Gen-Z Dialogue : हाल के वर्षों में युवाओं की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी में वृद्धि को देखते हुए विभिन्न संगठन और संस्थाएं नई पीढ़ी के साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दे रही हैं। इसी क्रम में आयोजित यह कार्यक्रम भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से Gen-Z और Gen-Alpha पीढ़ी के छात्रों से बातचीत की जाएगी। मोहन भागवत इससे पहले भी कई मंचों से युवाओं के साथ खुले संवाद की आवश्यकता पर बल दे चुके हैं।
Gen-Z Dialogue : उनका मानना है कि समाज की चुनौतियों का समाधान संवाद, आपसी समझ और सहभागिता के माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से निकाला जा सकता है। उन्होंने समय के साथ बदलाव को स्वीकार करने और निरंतर सीखते रहने को व्यक्ति और समाज, दोनों के विकास के लिए आवश्यक बताया है। भागवत ने परिवार और समाज में संवाद की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा है कि नई पीढ़ी की सोच, अपेक्षाओं और भावनाओं को समझना जरूरी है। उनके अनुसार, जब युवाओं को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है, तभी उनके साथ विश्वास और बेहतर संबंध स्थापित किए जा सकते हैं।









