Surguja Congress :अम्बिकापुर । कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के दूसरे चरण के तहत सरगुजा संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनर्स को संगठन को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
चौथा संभागीय शिविर, 12 सत्र होंगे
बस्तर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के बाद सरगुजा में यह चौथा संभागीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान कुल 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से मास्टर ट्रेनर आने वाले दिनों में मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कामकाज, जनसंपर्क और पार्टी की गतिविधियों के लिए तैयार करेंगे।
यह सिर्फ चुनाव की तैयारी नही
शिविर को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पार्टी संगठन को भीतर से मजबूत और अनुशासित बनाने के लिए प्रदेशभर में ऐसे शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल किसी एक चुनाव को ध्यान में रखकर उठाया गया कदम नहीं है, बल्कि पार्टी के दीर्घकालिक संगठनात्मक ढांचे को ठोस आधार देने की प्रक्रिया है।
टीएस सिंहदेव ने की पहल की सराहना
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन को मजबूत करने की यह रूपरेखा बहुत पहले ही तैयार कर ली थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि बूथ और मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं का सक्रिय होना ही पार्टी की असली ताकत है, और यह प्रशिक्षण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









